रायपुर | राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ भ्रष्टाचार और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एडिशनल ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी कार्रवाई एक स्टिंग ऑपरेशन और सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों के बाद की गई है। आरोप है कि संजय नेताम ने रायपुर के एक निजी रेस्टोरेंट में नकली दवा कारोबार के मुख्य आरोपी के साथ गुप्त मीटिंग की थी। इस बैठक में उनके साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO) राखी सिंह ठाकुर भी मौजूद थीं।
जांच में पुष्टि के बाद कार्रवाई
मामले के तूल पकड़ते ही स्वास्थ्य विभाग ने इसकी आंतरिक जांच शुरू की थी। जांच में पाया गया कि एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए आरोपी दवा कारोबारी से मिलना न केवल सेवा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि विभाग की छवि को भी धूमिल करता है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संजय नेताम का यह आचरण अत्यंत आपत्तिजनक है।
राखी सिंह ठाकुर पर भी कार्रवाई की तलवार
संजय नेताम के निलंबन के साथ ही इस मीटिंग में मौजूद खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, उन पर भी विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है।
Yug News की विशेष टिप्पणी
नकली दवाओं का कारोबार सीधे आम जनता की जान से जुड़ा मामला है। ऐसे में विभाग के आला अधिकारियों की आरोपियों के साथ संलिप्तता कई गंभीर सवाल खड़े करती है। शासन की इस त्वरित कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।
ऐसी ही निष्पक्ष और सटीक खबरों के लिए बने रहिए “Yug News” के साथ।
सच्चाई आप तक, सबसे पहले।

