रायपुर। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती विहार, रायपुर में बुधवार, 29 जुलाई 2026 को महर्षि वेदव्यास जी की जयंती के उपलक्ष्य में गुरु पूर्णिमा उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती, भारत माता और ‘ॐ’ के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने गुरु की महिमा और उनके महत्व पर केंद्रित विभिन्न भावपूर्ण गीत, भाषण और भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अजय कुलश्रेष्ठ (सदस्य, माँ सरस्वती बाल कल्याण समिति), श्री अशोक कुमार देवांगन (परीक्षा प्रभारी, सरस्वती शिक्षा संस्थान, रायपुर), श्री पुरुषोत्तम विधानी एवं श्री श्याम लाल शर्मा (आत्म संतुष्टि ग्रुप) उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती उत्तरा वर्मा, प्रभारी प्राचार्य श्री गिरीश चंद्र वर्मा, समस्त आचार्यवृंद तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद थे।अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं गुरुकार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन में गुरु का स्थान सर्वोपरि है।

गुरु ही वह मार्गदर्शक हैं जो मनुष्य को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती उत्तरा वर्मा ने गुरु की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु जीवनभर अपने शिष्यों को गढ़ने और उन्हें सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं।

शिक्षकों का किया गया सम्मान
समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से संस्था के समस्त आचार्यों एवं शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं समर्पण के लिए सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए गए।कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के बाद वैदिक शांति मंत्र के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ।

