फार्मेसी काउंसिल में बड़ा धमाका: भ्रष्टाचार और तानाशाही के आरोपों में नपे रजिस्ट्रार अश्विनी गुर्देकर, शासन ने की छुट्टी; डॉ. परमानंद वर्मा को मिली कमान

By Pallav shrivastav

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य फार्मेसी काउंसिल की आम सभा की हंगामेदार बैठक के बाद शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। काउंसिल के रजिस्ट्रार अश्विनी गुर्देकर को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह सहायक संचालक (औषधि) डॉ. परमानंद वर्मा को छत्तीसगढ़ राज्य फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।

हंगामेदार बैठक के बाद हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार को काउंसिल की आम सभा की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में सदस्यों ने रजिस्ट्रार अश्विनी गुर्देकर की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। बैठक के दौरान उन पर पक्षपात, तानाशाही रवैये और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगे थे। हंगामे और आरोपों के बीच रजिस्ट्रार बैठक छोड़कर बाहर चले गए थे। हालांकि, इस मामले में गुर्देकर ने सफाई देते हुए कहा था कि बैठक में अत्यधिक शोर-शराबे के कारण उनके सिर में दर्द होने लगा था, जिसकी सूचना अध्यक्ष और ग्रुप में देने के बाद वे बैठक से निकले थे।

लगातार मिल रही थीं शिकायतें

सूत्रों के मुताबिक, अश्विनी गुर्देकर के कार्यकाल के दौरान पद के कथित दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितताओं और उनकी शैक्षणिक डिग्री को लेकर भी सवाल उठ रहे थे। इन विषयों पर शासन स्तर पर शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं। बता दें कि गुर्देकर को मार्च 2024 में उनके मूल दायित्वों के साथ फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, जिसे अब वापस ले लिया गया है।

डॉ. परमानंद वर्मा संभालेंगे कामकाज

नए आदेश के तहत, सहायक संचालक (औषधि) डॉ. परमानंद वर्मा को आगामी आदेश तक अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version