रायपुर, 16 नवंबर 2026: राजधानी रायपुर के गोल बाजार स्थित बंजारी मार्केट में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बेची जा रही पाकिस्तानी कॉस्मेटिक क्रीम का जखीरा बरामद किया है।

क्या है पूरा मामला?
सोमवार, 16 नवंबर को जिला रायपुर के खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बंजारी मार्केट, गोल बाजार स्थित ‘ओम ब्यूटी सेंटर‘ पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान से भारी मात्रा में ऐसी क्रीम बरामद हुईं, जिनकी पैकेजिंग पर ‘पाकिस्तान में निर्मित’ (Made in Pakistan) अंकित था। टीम ने मौके से 218 नग ‘गोरी क्रीम‘ और 18 नग ‘चांदनी क्रीम‘ जब्त की हैं। जब्त किए गए इस पूरे माल की अनुमानित कीमत लगभग ₹1,25,000 आंकी गई है
अन्य इलाकों में भी छापामारी जारी
अधिकारियों ने जब्त क्रीमों के नमूने (सैंपल) लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। इसके अलावा गोल बाजार के अन्य संस्थानों में भी जांच की गई, हालांकि वहां ऐसा कोई उत्पाद नहीं मिला। अब ओम ब्यूटी सेंटर से मिली जानकारी और निशानदेही के आधार पर शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इन क्रीमों की बिक्री और भंडारण का पता लगाने के लिए लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है।
विभाग की अपील
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल वैध स्रोतों से प्राप्त और निर्धारित मानकों के अनुरूप कॉस्मेटिक उत्पादों की ही खरीद-बिक्री करें। साथ ही उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे किसी भी उत्पाद का उपयोग करने से पहले उसकी गुणवत्ता, निर्माण और आयात संबंधी जानकारी की जांच अवश्य कर लें।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस पूरी कार्रवाई को रायपुर के औषधि नियंत्रण अधिकारियों— नीरज साहू, ईश्वरी नारायण सिंह, टेकचंद धीरहे, सुरेश कुमार साहू और लक्ष्मी कौशिक की टीम ने अंजाम दिया।