रायपुर, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और नियमों के कड़ाई से पालन को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू की गई है।
माननीय स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशानुसार तथा स्वास्थ्य सचिव एवं नियंत्रक के मार्गदर्शन में रायपुर के कापा स्थित मित्तल कैंसर हॉस्पिटल में कैंसररोधी (एंटी-कैंसर) औषधियों के आयात और उनकी उच्च कीमतों को लेकर एक संयुक्त निरीक्षण किया गया है।

दस्तावेजों की जांच जारी, अनियमितता मिलने पर होगी सख्त कार्रवाईनिरीक्षण दल द्वारा अस्पताल में उपलब्ध आयातित कैंसररोधी दवाओं, उनके क्रय-विक्रय (खरीद-बिक्री) और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या प्रचलित नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित संस्था के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और इसके अंतर्गत लागू नियमों के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अन्य अस्पतालों पर भी कसेगा शिकंजा
प्रशासन का यह कदम औषधियों की गुणवत्ता, उनकी वैधता और तय नियमों के अनुरूप उचित मूल्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह अभियान केवल एक अस्पताल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में प्रदेश की अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं में भी इस तरह की औचक निरीक्षण कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
चार सदस्यीय औषधि निरीक्षकों की टीम रही शामिल इस उच्चस्तरीय संयुक्त निरीक्षण अभियान को अंजाम देने वाली टीम में जिले के चार प्रमुख औषधि निरीक्षक शामिल रहे, जिनमें—
श्री ईश्वरी नारायण सिंह
श्री नीरज साहु
डॉ. सुरेश कुमार साहु
डॉ. टेकचंद धीरहे
शामिल होकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
रिपोर्टर: युग न्यूज़, रायपुर (छत्तीसगढ़)