रायपुर: शहर में आयोजित की जा रही कथित अश्लील और फूहड़ ‘प्राइवेट पूल पार्टी’ के विरोध में अभिनव भारत पार्टी, छत्तीसगढ़ ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के प्रतिनिधियों ने पुलिस कमिश्नर (डॉ. संजीव शुक्ला, IPS) से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और इस तरह के आयोजनों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
कड़े नियम और लाइसेंस निरस्त करने की मांग
ज्ञापन में पार्टी ने मांग की है कि ऐसे आयोजनों में शामिल आयोजकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, जिन बार, होटल या रिसॉर्ट्स में ऐसी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, उनके लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निरस्त किए जाएं।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्टर्स के अनुसार, रायपुर में “प्राइवेट पूल पार्टी” के नाम पर महंगे एंट्री टिकट (₹4999/-) बेचे जा रहे थे। पार्टी के प्रचार में मॉडल्स और एक्ट्रेसेस के साथ ‘इंटरैक्शन’ का झांसा देकर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया गया है।अभिनव भारत पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति और सामाजिक माहौल को नुकसान पहुंचाते हैं, जिस पर पुलिस प्रशासन को तुरंत और सख्त कदम उठाना चाहिए।
